पेपर लीक मामले में कांग्रेसजनों ने किया यूटीयू में प्रदर्शन,नेताओं को गिरफ्तार सुद्धोवाला जेल भेजा

0

देहरादून। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूटीयू) पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसी सड़क पर उतरे। पहले सभी कांग्रेस नेता प्रेम नगर से आगे नंदा की चैकी के पास एकत्रित हुए, जहां उन्होंने पैदल मार्च निकालते हुए यूनिवर्सिटी कार्यालय कूच किया।
कांग्रेसियों ने यूनिवर्सिटी कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हालांकि इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई। इस दौरान कुछ नेता फायर ब्रिगेड की गाड़ी के ऊपर भी चढ़ गए थे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को सुद्धोवाला जेल भेजा गया है। इस प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद रहे।
कांग्रेस के अलावा उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने भी कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग को पारकर कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंच गए, जिसके बाद मौके पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
रुद्रपुर के अलावा हरिद्वार जिले के लक्सर में भी पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्र पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शिव चैक पर भीम आर्मी ने उग्र प्रदर्शन किया। भीम आर्मी के कैप्टन दीपक सेठपुर के नेतृत्व में चल रही पांच दिवसीय भूख हड़ताल को अब अन्य संगठनों का भी व्यापक समर्थन मिला। भारतीय किसान यूनियन पटेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी कीरत सिंह ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया और स्वयं भी कैप्टन दीपक के साथ भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share