बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ
हरिद्वार। जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 25 नवम्बर, 2026 को विकास भवन सभागार, हरिद्वार में 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान (21.10.2026 से 28.01.2027)’ के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, नई दिल्ली तथा उत्तराखण्ड शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के दुष्परिणामों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसी क्रम में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के उन्मूलन हेतु अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day for the Elimination of Violence against Women) के अवसर पर उपस्थित महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, घरेलू व सामाजिक हिंसा से संरक्षण के कानूनी प्रावधानों तथा निःशुल्क विधिक सहायता व परामर्श सेवाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार सहित उपस्थित सभी अधिकारियों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से बाल विवाह के विरुद्ध तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण हेतु शपथ ली।
