शैफील्ड स्कूल में द्वितीय इंटर-स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप का आगाज

0

रुड़की। शैफील्ड स्कूल, रुड़की में बुधवार को द्वितीय इंटर-स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप-2027 का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की 15 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सूरज रोड रुड़की ने किया।
मुख्य अतिथि सूरज चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। कबड्डी जैसे खेल में शारीरिक क्षमता के साथ रणनीति, त्वरित निर्णय और टीम के साथ बेहतर तालमेल की आवश्यकता होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मैदान पर जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी, अनुशासन और प्रतिद्वंद्वी के प्रति सम्मान बनाए रखना है।

विशिष्ट अतिथि संजय वत्स ने कहा कि विद्यालयी जीवन में खेलों का स्थान शिक्षा से कम नहीं है। खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके मानसिक और सामाजिक व्यक्तित्व को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा पारंपरिक खेल है, जिसमें साहस, रणनीति, आत्मविश्वास और टीम भावना का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि मु. इकराम ने कहा कि कबड्डी टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। खेल मैदान बच्चों को अनुशासन, सहयोग और संघर्ष की भावना सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए अपने विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विद्यालय निदेशक डीके शर्मा ने कहा कि शैफील्ड स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन के साथ ही कबड्डी के रोमांचक मुकाबले शुरू हो गए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों की टीमें एक-दूसरे के सामने चुनौती पेश करेंगी तथा समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share