सिलक्यारा टनल में शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत
उत्तरकाशी। गुरूवार तड़के जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। श्रमिक झारखंड का निवासी बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा टनल के बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ. उस समय टनल के भीतर नियमित निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक लाइनिंग का एक बड़ा ब्लॉक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां कार्य कर रहे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल श्रमिक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद टनल निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बड़कोट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। श्रमिक के कुछ साथी नौगांव में मौजूद हैं। पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
