राज्यपाल श्री बिसेन से मिले श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, रोजगारपरक शिक्षा और पलायन रोकने पर जोर

0

देहरादून। श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ.हरिशंकर नौटियाल, कुलपति डॉ.भगवन नौटियाल एवं कुलसचिव डॉ. ओम नारायण तिवारी शामिल रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को उत्तरकाशी के दूरस्थ पर्वतीय अंचल हितानु धनारी में स्थित श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों, भावी योजनाओं तथा विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न नवीन एवं नवोन्मेषी प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ तकनीकी, वैज्ञानिक, व्यावसायिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित हों तथा युवाओं के पलायन को रोका जा सके। राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने विश्वविद्यालय के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के सतत विकास के लिए शिक्षा को स्थानीय संसाधनों और अर्थव्यवस्था से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने ऑर्गेनिक खेती तथा पारंपरिक पर्वतीय अनाजों से तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया और कहा कि स्थानीय कृषि, पारंपरिक ज्ञान, कौशल विकास तथा आधुनिक शिक्षा के समन्वय से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के नवाचार एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय में पधारने की सहमति भी प्रदान की। इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. ओम नारायण तिवारी की महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय, कटनी, जबलपुर (मध्य प्रदेश) के कुलपति पद पर नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन पर्वतीय क्षेत्र में उच्च शिक्षा, नवोन्मेष, कौशल विकास, स्थानीय संसाधनों के संरक्षण तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों को नई दिशा प्रदान करेगा। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार श्रीमती मंजीरा देवी विश्वविद्यालय शिक्षा को केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम न बनाकर स्थानीय संस्कृति, प्रकृति, जैविक कृषि, आयुर्वेद, तकनीक, कौशल और उद्यमिता से जोड़कर समग्र विकास का माध्यम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share