सप्ताहंत पर नैनीताल में यातायात व्यवस्था चरमराई, वाहनों की लंबी कतार लगी

0

नैनीताल। मानसून आने के बाद भी सरोवर नगरी में पर्यटकों की बड़ी तादाद में आमद बनी हुई है। शहर में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी। मालरोड, तल्लीताल डांठ, हाईकोर्ट मार्ग में जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जिसमें फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों फजीहत झेलनी पड़ी।
बता दें कि जून के अंतिम वीकेंड के बाद पर्यटन कारोबार में गिरावट आने का अंदेशा जताया जा रहा था। लेकिन जुलाई में भी पर्यटकों की बंपर आमद बनी हुई है। रविवार को पूर्व वीकेंड की तरह विशेष यातायात प्लान लागू नहीं होने से सुबह ही भारी संख्या में पर्यटक वाहन शहर पहुंचे।
पार्किंग स्थल फुल होने से सड़कों पर जाम लगने लगा। भवाली, हल्द्वानी प्रवेश मार्ग के साथ ही तल्लीताल डांठ, मालरोड, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड, हाईकोर्ट मार्ग में वाहनों की कतार लगी रही। इस बीच रैमजे अस्पताल को जा रही एम्बुलेंस भी फंस गई। जिसे खुलवाने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।इधर शहर पहुंचे पर्यटकों से चिड़ियाघर, स्नोव्यू, केव गार्डन, वाटर फॉल, बॉटनिकल गार्डन समेत अन्य पर्यटन स्थलों में खासी चहल-पहल बनी हुई है। नैनी झील में नौकायन करने वाले पर्यटकों का ताता लगा हुआ है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि मानसून के जोर पकड़ते ही कारोबार में गिरावट आने लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share