विधिक जागरूकता शिविर व निरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों का सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बीडीओ बहादराबाद ने लिया जायजा
दिनांक 10 अक्टूबर को आयोजित होगा कार्यक्रम
बहादराबाद (हरिद्वार)। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, एक्कड़ कलां में आगामी 10 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे आयोजित होने वाले वृहद विधिक जागरूकता शिविर एवं कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों के दृष्टिगत आज सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार, श्रीमती सिमरनजीत कौर तथा खंड विकास अधिकारी (BDO) बहादराबाद द्वारा विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
उल्लेखनीय है कि 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में श्री नरेंद्र दत्त, जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी हरिद्वार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार सहित जनपद स्तर के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
आज किए गए निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिमरनजीत कौर एवं खंड विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर, सभागार, बैठने की व्यवस्था, मंच व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वच्छता का बारीकी से अवलोकन किया। सचिव महोदया ने विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को आगामी कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा विधिक साक्षरता से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
