शब्दवीणा की मासिक साहित्यिक भेंटवार्ता ‘एक शाम साहित्य के नाम’ के नवंबर अंक का हुआ आयोजन
*-आमंत्रित रचनाकार के रूप में रहीं मध्य प्रदेश की वरिष्ठ लेखिका अमिता मराठे*
*-साहित्य सेवा भी समाज की सेवा है: अमिता मराठे*
गया जी। राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘शब्दवीणा’ की हरियाणा प्रदेश समिति एवं फरीदाबाद जिला समिति द्वारा आयोजित होने वाली मासिक भेंटवार्ता “एक शाम साहित्य के नाम” के नवंबर माह के अंक में आमंत्रित साहित्यकार के रूप में मध्य प्रदेश की वरिष्ठ लेखिका अमिता मराठे रहीं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वार्ताकार कार्यक्रम की संयोजिका एवं शब्दवीणा हरियाणा प्रदेश की सचिव सरोज कुमार एवं बतौर सह-वार्ताकार शब्दवीणा सृजन त्रिविधा की प्रभारी श्रीमती कीर्ति यादव ने भूमिका निभाई। शब्दवीणा की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने भी श्रीमती अमिता मराठे का शब्दवीणा मंच पर समस्त शब्दवीणा परिवार की ओर से हार्दिक अभिनंदन किया। शब्दवीणा के मंच पर उनके आगमन को गौरवपूर्ण बताया। श्रीमती सरोज कुमार ने लेखिका अमिता मराठे का संक्षिप्त साहित्यिक परिचय देते हुए भेंटवार्ता आगे बढ़ाई। श्रीमती मराठे ने एक लेखिका के रूप में अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उनका जीवन दिव्यांगजनों की सेवा को समर्पित रहा है। दिव्यांगजनों की सेवा ने ही उन्हें साहित्यिक लेखन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साहित्य के माध्यम से दिव्यांगजनों की वेदना को शब्द प्रदान करने का कार्य किया। श्रीमती मराठे ने सरोज कुमार एवं कीर्ति यादव द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि उन्हें सबसे अधिक आत्मिक संतोष समाज सेवा तथा साहित्यिक सृजन द्वारा ही प्राप्त होता है। वार्ता के दौरान उन्होंने अपनी पुस्तकों पर भी चर्चा की।
शब्दवीणा की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने बतलाया कि अमिता मराठे एक स्वतंत्र लेखिका, समाजसेविका तथा शिक्षिका हैं। वर्ष 1990 से लेकर आज तक दिव्यांगजनों की सेवार्थ एवं कल्याणार्थ श्रीमती मराठे निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने साहित्य, शिक्षा, एवं सामाजिक सेवा को समाज में सकारात्मक मूल्यों के प्रसार के लिए अति आवश्यक बतलाया। ‘नई दिशा’, ‘मनोगत’, ‘अनुभूति’ (लघुकथा संग्रह), ‘नव पल्लव’ (काव्य संग्रह), ‘नीहू-पीहू’ की दुनिया (बाल लघुकथा संग्रह), ‘माँ की ममता’ सहित उनकी अब तक आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं एवं वे अनेक पुरस्कारों से सम्मानित की जा चुकी हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शब्दवीणा केन्द्रीय फेसबुक पेज से किया गया, जिससे पुरुषोत्तम तिवारी, महावीर सिंह वीर, राजमणि मिश्र, प्रो सुनील कुमार उपाध्याय, अरुण अपेक्षित, सुरेश विद्यार्थी, पी.के. मोहन, राज कुमार शर्मा, आर. के. निगम, दीपक देव, विकास कुमार गुप्ता, डॉ विजय शंकर, अरुण कुमार यादव, बबन बदिया, अल्पना सिंह, विजयेंद्र सैनी, सुनीता सैनी, डॉ. कनक लता तिवारी, मधु वशिष्ठ, अनुराग दीक्षित, अशोक कुमार जाखड़, डॉ वीरेन्द्र कुमार, सुप्रिया आयुष, सुषमा सिंह, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ रश्मि प्रियदर्शनी सहित देश के विभिन्न प्रदेशों से जुड़े साहित्यानुरागियों ने कार्यक्रम का आनंद उठाया।
