होटल में मिला यात्री का शव आत्महत्या की आशंका

0

हरिद्वार। बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद हरिद्वार पहुंचे एक व्यक्ति का रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी 48 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद हरिद्वार पहुंचा था। हरिद्वार में रेलवे स्टेशन के पास एक निजी होटल में ठहरा हुआ था। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि होटल के कमरे में उसने आत्महत्या कर ली।
बीती रात जब होटल कर्मी ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो, दरवाजा अंदर से बंद था। अन्य स्टाफ ने दरवाजा तोड़कर देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश को आत्महत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस होटल में पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा गया। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। राजेश के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश की बात सामने आ रही है। प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share