पुलिस लाइन रोशनाबाद में अधिकार मित्रों की मासिक बैठक व आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन
हरिद्वार. जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार आज पुलिस लाइन्स रोशनाबाद के सभागार भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के अधिकार मित्रों (PLVs) की मासिक बैठक आहूत की गई, इसके साथ ही एनडीआरएफ (NDRF) और जिला आपदा प्रबंधन के सहयोग से एक विशेष आपदा प्रबंधन विषय पर एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा आहूत की गई इस बैठक में उपस्थित अधिकार मित्रों को आगामी जुलाई माह के ‘प्लान ऑफ़ एक्शन’ के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही साथ माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल द्वारा निर्गत पी०एल०वी० के कार्यों हेतु जारी नई एस०ओ०पी० के बारे में पी०एल०वी० को बताया गया।
इसी क्रम में आयोजित आपदा प्रबंधन कार्यशाला में एनडीआरएफ की टीम के निरीक्षक श्री तिरेपन सिंह रावत एवं उनकी टीम द्वारा एक लाइव डेमो सेशन के माध्यम से अधिकार मित्रों को आपदा प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया गया, इसके साथ ही जिला आपदा प्रबंधन से आए श्री मनोज कंडियाल ने आपदा प्रबंधन के टोल-फ्री नम्बर 1077 तथा जिला आपदा प्रबंधन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सहायता व जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में माननीय जिला जज श्री नरेन्द्र दत्त जी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिकार मित्र इस कार्यशाला और डेमो के माध्यम से दिखायी गयी कार्य का उपयोग कर अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा पीड़ितों की प्रभावी सहायता कर सकते हैं। इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा एनडीआरएफ की टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार श्री संदीप कुमार जी भी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ, डिप्टी एलएडीसी श्री रमन कुमार सैनी, रिटेनर अधिवक्ता श्री उपेन्द्र दत्त शर्मा, पैनल अधिवक्ता श्रीमती संगीता भारद्वाज सहित लगभग 200 अधिकार मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों और आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
