जीबीएम कॉलेज में गाँधी-शास्त्री जयंती पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान

0

*-स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के कम उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है इस अभियान का उद्देश्य*

गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की 157वीं जयंती एवं भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122 वीं जयंती के अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. सहदेब बाउरी के संरक्षण में एवं एनएसएस प्रोग्राम अॉफिसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी की देखरेख में कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने “चैरिटी बिगिन्स ऐट होम” अर्थात् “दान की शुरुआत घर से होती है” कथन का अनुकरण करते हुए स्वच्छता अभियान की शुरुआत महाविद्यालय परिसर की मिलजुलकर साफ-सफाई करके की तथा कॉलेज को स्वच्छ तथा सुंदर बनाने में अपना श्रमदान दिया।

स्वच्छता अभियान में एनएसएस स्वयंसेवक अनीषा कुमारी, गीतांजलि, शैली पाठक, दीपशिखा मिश्रा, अश्विनी कुमारी, सपना कुमारी, संचिता कुमारी, आशु कुमारी भारती, श्रुति कुमारी, अखौरी रागिनी, तनु कुमारी एवं ननकी कुमारी ने जोश तथा उमंग के साथ कॉलेज के छात्रावास भवन, खेल का मैदान, बरामदे एवं अन्य स्थानों से कागज के टुकड़ों, फलों के छिलके, चिप्स, बिस्किट, मिक्सचर, तथा चॉकलेट आदि के प्लास्टिक रैपर्स, कंकड़, पत्थर, काँच आदि के टुकड़ों जैसे कचरों को चुना। झाड़ू लगाकर परिसर की साफ-सफाई की। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ सहदेब बाउरी ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए स्वयंसेवकों को दोनों महापुरुषों की जीवनी से सीख लेने की बात कही।एनएसएस प्रोग्राम अॉफिसर डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के कम उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना इस अभियान का उद्देश्य है।

डॉ रश्मि ने कहा कि गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को पूरे वर्ष जारी रखा जाएगा। कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेवक पितृपक्ष मेला महासंगम परिसर, गाँधी मैदान, सरकारी कार्यालयों के परिसरों, तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान करेंगी। एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने घर एवं मोहल्ले की साफ-सफाई करने के लिए भी अपनी संकल्पबद्धता दुहराई। मौके पर राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ शगुफ्ता अंसारी, सेहत केन्द्र की नोडल अधिकारी डॉ प्रियंका कुमारी, अर्थशास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ वीणा कुमारी जायसवाल, अभिषेक कुमार, रीता देवी, रंजीत कुमार, राजेश कुमार एवं अन्य फैकल्टीज की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share