काव्य गंगा महोत्सव साहित्यिक गरिमा, सांस्कृतिक चेतना और गंगा-भक्ति के भावों से सराबोर रहा
रूड़की.
काव्य गंगा महोत्सव में डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय का विशेष सम्मान
साहित्य, संस्कृति और गंगा चेतना के संगम पर सम्मानित हुआ समर्पण
आर.डी. काव्यकुल संस्था, सृजन साहित्यिक अभिरुचि मंच तथा दिव्य गंगा सेवा मिशन के साहित्य सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित काव्य गंगा महोत्सव साहित्यिक गरिमा, सांस्कृतिक चेतना और गंगा-भक्ति के भावों से सराबोर रहा।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय समन्वयक एवं दि ग्राम टुडे प्रकाशन समूह के संपादक डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय का आयोजन समिति की ओर से विशेष सम्मान किया गया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने डॉ. पाण्डेय को शॉल ओढ़ाकर, पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सम्मानित करते हुए अतुल शर्मा, रणजीत शर्मा ‘रंग’, सुखपाल गौड़, दीपक गोस्वामी ‘चिराग’, अवधेश विद्यार्थी तथा संदीप ‘सचेत’ ने साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में डॉ. पाण्डेय के योगदान के प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
यह सम्मान केवल एक व्यक्तित्व का अभिनंदन नहीं, बल्कि साहित्य-साधना, पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और माँ गंगा के प्रति समर्पित चेतना का सम्मान था। काव्य की सरिता जब गंगा की अविरल धारा से मिली, तो शब्दों में संवेदना, भावों में संस्कृति और मंच पर सम्मान की एक अनुपम धारा प्रवाहित होती दिखाई दी।
