जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने ग्राम एक्कड़ कलाँ में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं समाधान शिविर का किया आयोजन

हरिद्वार. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त जी के आदेशानुसार, सिविल जज (एस०डी०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर की अध्यक्षता में ग्राम एक्कड कला के पंचायत भवन में मेगा विधिक जागरूकता एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया।

इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायत विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, राजस्व विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि तथा बी०डी०ओ० बहादराबाद श्री मानस मित्तल अपनी टीम के साथ तथा ग्राम प्रधान एकता पटेल भी उपस्थित रहे। इस शिविर में ग्रामीण जनता की समस्याओं के संबंध में लगभग 119 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही उपस्थित विभागों के द्वारा समस्याओं का निस्तारण किया गया तथा खाद्य आपूर्ति विभाग के द्वारा मौके पर लगभग 20 आवेदकों के राशनकार्ड तैयार किये गये, वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा दो व्यक्तियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा सरकार द्वारा चलायी जा रही अनेक योजनाएं जैसे वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन के बारे में आज जनता को जानकारी दी गयी, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 49 व्यक्तियों का का मेडिकल चेकअप किया जैसे शुगर, बी०पी० आदि सामान्य रूप से चेकअप किया गया, ग्राम पंचायत विभाग द्वारा भी जनता की अनेक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, इसके साथ ही जनता की समस्याओं से संबंधित अनेक प्रार्थना पत्र सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के समक्ष प्रस्तुत हुए जिस पर त्वरित रूप से सचिव द्वारा मौके पर ही संबंधित विभागों को अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित किये गये, अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर लॉ इन्टर्न शीवी के द्वारा शिक्षा का अधिकार अधिनियम, शिक्षा के महत्व व उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी प्रदान करायी गयी। मुख्य अतिथि सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने अपने संदेश में नालसा शिक्षा योजना 2026, नालसा स्पृहा योजना 2026, वीर परिवार सहायता योजना 2025, नालसा डॉन योजना 2025, नालसा संवाद योजना 2025, एसिड अटैक पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना 2016, तस्करी और व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ित योजना 2015 आदि के बारे में विस्तार से आज जनता को विस्तार से जानकारी प्रदान करायी गयी। श्री रमन कुमार सैनी, डिप्टी एल०ए०डी०सी० द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता व निःशुल्क विधिक सलाह, नालसा हेल्पलाइन नम्बर 15100 के बारे में जानकारी दी गयी, पैनल अधिवक्ता श्री उपेन्द्र दत्त शर्मा आम जनता को मौके पर ही विधिक सलाह प्रदान कराते हुए समस्याओं का निदान किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम के काफी संख्या में ग्रामवासी व अधिकार मित्र उपस्थित रहे, कार्यक्रम के सफल समापन पर सभी अतिथिगण व उपस्थित जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। वहीं दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राजकीय संप्रेक्षण गृह, विशेष गृह, बाल गृह रोशनाबाद में रिटेनर अधिवक्ता काजल सैनी तथा असिस्टेंट एल०ए०डी०सी० रजिया व लॉ इन्टर्न के द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता, निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित करायी गयी।
