मसूरी में शरदोत्सव की शाम रही रंगीन, देर रात तक झूमे दर्शक

0

शरदोत्सव में लोक संस्कृति की धूमः जौनसारी, हिमाचली और कश्मीरी संस्कृति के रंगों से सराबोर हुई मसूरी

मसूरी। शरदोत्सव के तहत शहर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति के रंग देखने को मिले। दिनभर विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जबकि शाम को टाउन हॉल में तीलू रौतेली नृत्य नाटिका और नाटी किंग नाइट ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
लंढौर चैक पर संतोष जोशी एंड ग्रुप तथा दिनेश सजवाण एंड ग्रुप ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शहीद स्थल पर बार्लोगंज सांस्कृतिक कला मंच, हिमाचली लोक नृत्य देवदत्त एवं ग्रुप, हरियाणा के सुरेंद्र सिंह एंड ग्रुप, एसआर ग्रुप, प्रद्युम्न भरतवाण एवं वसुधा गौतम ने प्रस्तुतियां दीं। गढ़वाल टैरेस पर गढ़वाल महिला सभा ने लोक संस्कृति की झलक पेश की। गांधी चैक पर जौनपुर की गायिका कविता रावत एंड ग्रुप तथा मीना आर्य एंड ग्रुप ने गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मीना आर्य ने महासू देवता की स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद भदराज देवता स्तुति सहित विभिन्न जौनपुरी एवं जौनसारी गीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। यहां कश्मीरी और पंजाबी कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम का समापन अर्जुन सेमलियाट ग्रुप की प्रस्तुति के साथ हुआ।
टाउन हॉल में शाम का कार्यक्रम मसूरी मेलोडीज क्लासिक की प्रस्तुति से शुरू हुआ। इसके बाद उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने हिमाचली और जौनसारी गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीतों पर देर रात तक दर्शक नाचते रहे और कार्यक्रम का आनंद उठाया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित पालिका सभासद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share