नशीली दवाओं के दुरूपयोग और तस्करी के खिलाफ अन्तर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य जागरूकता शिविर का आयोजन

0



हरिद्वारः माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त जी के आदेशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा पुलिस लाइन रोशनाबाद में नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अन्तर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और हरिद्वार जिले के अनेक नशा मुक्ति केन्द्रों के संयुक्त सहयोग से जागरूकता शिविर आयोजित किया। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार श्री सन्दीप कुमार जी, विशिष्ट अतिथि प्रभारी सचिव, सिविल जज (सीनियर डिविजन)/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती ज्योति बाला जी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान जनपद हरिद्वार के विभिन्न नशामुक्ति केन्द्रों से लाए गए व्यक्तियों के द्वारा एक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके साथ ही पुलिस के ट्रेनिंग कान्स्टेबलों और नशामुक्ति केन्द्रों के व्यक्तियों के बीच एक रोमांचक रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिभागियों द्वारा पूरे जोश के साथ जौहर दिखाया गया, शिविर में आए सभी लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक विशेष मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाया गया, जिसमें मुख्य रूप से टी०बी० (क्षयरोग), एच०आई०वी० आदि की जांच की गईं।

जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लॉ इन्टर्न्स ने अपनी कविताओं के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया और समाज को इस बुराई के प्रति सचेत करने के लिए एक बेहद प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में नालसा द्वारा बनायी गयी वीडियो को प्रोजेक्टर के माध्यम सभी उपस्थित जनों को दिखाया गया साथ ही पुलिस विभाग द्वारा नशा मुक्ति पर तैयार की गयी वीडियो को भी दिखाया गया। शिविर में पुलिस विभाग द्वारा उपस्थित एस०आई०, एल०एस० बुटोला व इन्स्पेक्टर शान्ति प्रसाद गंगवार ने नशा मुक्ति के ऊपर अपने विचार व्यक्त किये। प्रभारी सचिव श्रीमती ज्योति बाला ने अपने सम्बोधन में एन०डी०पी०एस० एक्ट और नालसा डॉन स्कीम 2025 व कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सन्दीप कुमार ने अपने सम्बोधन में नौजवानों और उपस्थित जनों को नशे से दूर रहने का प्रेरणादायक संदेश दिया, वहीं इसके साथ ही उपस्थित पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में चित्रकला व रस्सा कस्सी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले व लॉ इन्टर्न्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस जागरूकता शिविर में स्वास्थ्य विभाग से डॉ हेमन्त खर्कवाल, सीओ० सदर पुलिस लाइन सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी, आर०आई० श्री प्रवीण आलोक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त स्टाफ व रमन कुमार सैनी डिप्टी एल०ए०डी०सी०, रीटेनर अधिवक्ता श्रीमती सीमा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के अधिकार मित्र (पी०एल०वी०), व पुलिस लाइन में ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे काॅन्स्टेबल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रमन कुमार सैनी डिप्टी एल०ए०डी०सी० द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान नशा के विरुद्ध शपथ दिलायी गयी तथा एक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी सचिव द्वारा इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों और आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share