अपशिष्ट संग्रहण के दौरान कार्य में लापरवाही पर कर्मचारी को नोटिस जारी
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार के संज्ञान में आया कि घाट क्षेत्र में अपशिष्ट संग्रहण के दौरान नगर निगम का एक कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ढककर नहीं ले जा रहा था। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम स्तर से संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न करने के निर्देश दिए गए।
उक्त प्रकरण के संबंध में बाद में यह भी संज्ञान में आया कि संबंधित कर्मचारी का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ जाने के कारण वह अपने दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरत सका। तथापि, स्वच्छता व्यवस्था एवं अपशिष्ट परिवहन से संबंधित मानकों का पालन सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।
इसके अतिरिक्त नगर निगम हरिद्वार के मुख्य सफाई निरीक्षक एवं कार्यशाला प्रभारी श्री अर्जुन सिंह द्वारा नगर निगम के समस्त वाहन चालकों एवं नगर निगम की अनुबंधित एजेंसियों के समस्त वाहन चालकों की एक कार्यशाला आयोजित कर उन्हें संवेदनशील (Sensitize) किया गया।
कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देशित किया गया कि अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन करने वाले सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्णतः ढककर (Covered) ही संचालित किए जाएं, जिससे मार्ग में कूड़ा बिखरने की संभावना समाप्त हो तथा स्वच्छता एवं पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम हरिद्वार ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही, सभी कार्मिकों एवं वाहन चालकों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
