होमस्टे में पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0

अल्मोड़ा। नगर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी स्थित एक होमस्टे में एक पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह पर्यटक का शव कमरे के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मौत की वजह बीमारी मानी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कसार देवी स्थित एक होमस्टे में दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली निवासी संजय तालुकदार ने बीती 10 अक्तूबर को एक महीने के प्रवास के लिए कमरा किराये पर लिया था। होमस्टे संचालक के अनुसार, जब संजय यहां पहुंचे थे, तब उनका स्वास्थ्य सामान्य था। बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सुबह काफी देर तक जब संजय कमरे से बाहर नहीं निकले तो होमस्टे संचालक को अनहोनी की आशंका हुई। जांच करने पर वह कमरे के अंदर मृत अवस्था में मिले।
इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया। पुलिस ने शव को बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया। बताया जा रहा है कि संजय के लिवर का पूर्व में ऑपरेशन हुआ थां ऐसे में पुलिस बीमारी के चलते मौत होने की आशंका जता रही है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
संजय की मौत की खबर मिलते ही दिल्ली स्थित उनके परिवार में मातम छा गया। एनटीडी चैकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद परिजन अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share