658 किलोमीटर लंबी साइकिल के पैडल के साथ अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज शुरू
हल्द्वानी। उत्तराखंड की वादियों में अब साइकिल के पैडल के साथ साहस और रोमांच का नया सफर शुरू हो गया है। साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का आगाज हो गया है। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेस को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 658 किलोमीटर लंबी यह रोमांचक साइकिल यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी।
मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस साइकिल रेस में प्रतिभागी पहाड़ों के दुर्गम रास्तों, घुमावदार सड़कों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के बीच अपनी साइकिलिंग क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। करीब 658 किलोमीटर की यह चुनौतीपूर्ण यात्रा उत्तराखंड के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी। 20 नवंबर से शुरू हुआ यह सफर 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगा। प्रतियोगिता के पहले दिन ऐंचोली में साइकिल रेस के प्रतिभागियों का स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़ तक लगभग 133 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा में लद्दाख निवासी सेवांग नोरबू ने प्रथम, हरियाणा के शिवेन ने द्वितीय और हिमाचल प्रदेश निवासी खुशिमान घरती ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की शुरुआत मुक्तेश्वर जैसी खूबसूरत पर्यटन नगरी से होना अपने आप में विशेष महत्व रखता है। ऐसे आयोजन न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देते हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को भी नई पहचान दिलाते हैं।
