जौलजीबी मेला मंच तोड़ फोड़ विवाद में चार कांग्रेसी गिरफ्तार

0

पिथौरागढ़। बीते 14 नवंबर को जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में धारचूला विधायक के प्रतिनिधि गर्बयाल भी शामिल है। घटना के बाद सीमांत क्षेत्र की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है।
पुलिस ने यह कार्रवाई 14 नवंबर को मुख्यमंत्री के जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद हुए विवाद के सिलसिले में की है। उस दिन मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद मंच पर माइक बंद किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने कार्यक्रम में उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद मंच पर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई थी।
मेले में हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी के विधायक प्रतिनिधि नृप सिंह गर्बयाल भी शामिल हैं। कोतवाल जौलजीबी हरेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि राम सिंह रोकाया, नृप सिंह गर्बयाल, सौरव मर्ताेलिया और विक्रम दानू को गिरफ्तार किया गया है। सभी को डीडीहाट न्यायालय में पेश किया जायेगा।
घटना के दौरान मंच पर रखे माइक, कुर्सियों और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचने के आरोप लगे थे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी धक्का-मुक्की होने का आरोप है। घटना के बाद जौलजीबी कोतवाल की तहरीर पर विधायक हरीश सिंह धामी सहित छह नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोकसेवक के साथ अभद्रता और तोड़फोड़ से संबंधित आरोप शामिल थे।चार कांग्रेसियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर सीमांत क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज होने की संभावना है। वहीं पुलिस की कार्रवाई को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से जारी आरोप-प्रत्यारोप और बढ़ सकते हैं। जौलजीबी का ऐतिहासिक मेला भारत, नेपाल और तिब्बत की व्यापारिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान हुए विवाद और अब गिरफ्तारियों ने मेले की चर्चा को सांस्कृतिक आयोजन से हटाकर राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share