*35 वर्ष से था घर से लापता, पुलिस ने गुगल से ढूंढा शव के गाँव का पता*

0

*हाथ पर गुदे नाम के आधार पर पुलिस ने की पहचान*

*परिजनों ने उत्तराखण्ड पुलिस का जताया आभार, खडखडी में किया अंतिम संस्कार*

हरिद्वार. 35 वर्ष से था घर से लापता हरियाणा निवासी युवक की शिनाख्त वाकई आसान कार्य नहीं था जो मृत होने के बाद एक लावारिस के रूप में पुलिस के सामने था. दिनांक 05.05.2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत बिरला रोड स्थित मंकर वाहिनी गंगामाता मंदिर के निकट एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। पंचायतनामा की कार्यवाही उपरांत शव को शिनाख्त एवं अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया।

मृतक के पास किसी प्रकार का पहचान पत्र अथवा दस्तावेज न मिलने के कारण शव की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य था।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के हाथ पर गुदे हुए “उदयवीर बहादुरगढ़” नाम को महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए गूगल के माध्यम से जानकारी जुटाई। इसके आधार पर हरियाणा के बहादुरगढ़ क्षेत्र की जानकारी प्राप्त हुई। तत्पश्चात कोतवाली नगर पुलिस द्वारा थाना लाइन पार, जिला झज्जर हरियाणा से संपर्क कर स्थानीय व्यक्तियों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए गए।

व्हाट्सएप के माध्यम से मृतक के फोटो भेजे जाने पर गांव के लोगों ने बताया कि मृतक का नाम उदयवीर पुत्र रणवीर निवासी नेताजी नगर गली नं0-02 थाना लाइन पार बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा है, जो लगभग 35 वर्षों से घर से लापता था।

आज दिनांक 08.05.2026 को मृतक के छोटे भाई संजय पुत्र रणवीर एवं अन्य परिजन हरिद्वार पहुंचे, जिन्होंने मोर्चरी में शव की पहचान अपने बड़े भाई उदयवीर उम्र लगभग 50 वर्ष के रूप में की।

आवश्यक पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत शव परिजनों को सुपुर्द किया गया, जिनके द्वारा खड़खड़ी श्मशान घाट हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस की सराहना करते हुए कहा गया कि यदि पुलिस द्वारा इतनी मेहनत एवं लगन से प्रयास न किए जाते तो उन्हें अपने बड़े भाई के अंतिम दर्शन एवं अंतिम संस्कार का अवसर भी प्राप्त नहीं हो पाता।
शिनाख्त करने वाली पुलिस टीम में
अ0उ0नि0 भरत सिंह, ⁠का0 अमित भट्ट, ⁠का0 नापु परविन्द सिंह, ⁠का0 नापु विरेन्द्र सिंहशामिल रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share