देहरादून के परेड मैदान में इस दशहरे पर जलेगा 181 फीट का रावण

0

देहरादून। देश भर के तमाम हिस्सों में दशहरा पर्व पर रावण का पुतला दहन कर अच्छाई की जीत का संदेश देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में अब तक का सबसे बड़ा 181 फीट लंबे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जिसके लिए अभी से परेड मैदान में रावण, कुम्भकरण और मेघनाथ का पुतला तैयार कर खड़ा कर दिया है। दशहरे के दिन 20 अक्टूबर को बड़े धूमधाम से रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
इसे लेकर दशहरा कमेटी के प्रधान संतोख नागपाल ने कहा कि इस साल दशहरा पर्व में सबसे खास बात यह है कि रावण का पुतला सबसे अधिक 181 फीट का बनाया गया है। 70 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला तैयार किया गया है। इस बार लंका का भव्य रूप तैयार किया गया है। शोभा यात्रा कलिका मंदिर में पूजा अर्चना के बाद प्रस्थान करेगी। पलटल बाजार, मोती बाजार और चकराता रोड होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी।
दशहरा कार्यक्रम के दौरान हर साल परेड ग्राउंड में हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। जिसके चलते व्यवस्थाओं को मुकम्मल करना एक बड़ी चुनौती हो जाता है। जिसके सवाल पर संतोख नागपाल ने कहा अत्यधिक भीड़ को देखते हुए शोभा यात्रा के परेड ग्राउंड में आने की एंट्री को बदल दिया गया है। इस बार शोभा यात्रा की परेड ग्राउंड में एंट्री दून क्लब के सामने के बजाय तिब्बती मार्केट के गेट से होगी। इसके अलावा, ग्राउंड के हर गेट पर पुलिस प्रशासन की टीम के साथ ही दशहरा कमेटी की ओर से भी बाउंसर की तैनाती की जाएगी।
रावण दहन के दौरान बड़ी मात्रा में आतिशबाजी होती है। जिसका असर पर्यावरण पर भी पड़ता है। जिसके सवाल पर उन्होंने कहा आतिशबाजी के दौरान इको फ्रेंडली पटाखों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। रावण के पुतले में 8 बम ऐसे लगाए गए हैं जो रिमोट से ब्लास्ट होंगे। ऐसे में रिमोट का बटन दबाकर, मुख्यमंत्री, मंत्री, मेयर और विधायक, रावण में लगे बम को ब्लास्ट करेंगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share