मासूम के साथ सामुहिक दुष्कर्म, पीड़िता की सहेली के भाई ने दिया अंजाम

0

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने किया टीम का गठन
ऊधम सिंह नगर। जिले के रुद्रपुर में एक 13 साल की मासूम नाबालिग बच्ची को वाटर पार्क जाने के बहाने नाबालिग को ओयो होटल ले जाया गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना का पता चलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। इस मामले में पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इस संबध में एक टीम का गठन कर आरोपियों के ठिकानों पर दबिशें देनी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना 6 जुलाई की दोपहर की है। पीड़िता की मां ने पुलिस दो दी तहरीर मे बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी अपने मोहल्ले की एक सहेली के साथ वाटर पार्क जाने के लिए निकली थी। दोनों लड़कियां मेडिसिटी हॉस्पिटल के पास खड़ी होकर ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वहां एक युवक बाइक से पहुंचा, जो कि एक मॉल में काम करता है। पीड़िता की सहेली युवक को पहले से जानती थी। उसने उसे अपना मुंहबोला भाई बताया। युवक के साथ उसका कथित चाचा भी मौजूद था। युवक ने पीड़िता की सहेली से कहा कि वह पीछे-पीछे आए। उसने 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपनी बाइक पर बैठा लिया।
आरोप है कि युवक और उसका साथी नाबालिग को सीधे लालपुर स्थित टोल प्लाजा के पास बने एक ओयो होटल में ले गए। वहां आरोपियों ने नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद युवक और उसके साथी ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने बाद में 2 से 3 अन्य युवकों को भी होटल में बुलाया। उन अज्ञात युवकों ने भी बेहोशी और लाचारी की हालत में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने पीड़िता को पूरी रात बंधक बनाकर अपने पास रखा। अगले दिन यानी 7 जुलाई की सुबह करीब 11.00 बजे आरोपी पीड़िता को होटल के बाहर बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता सड़क पर रोती-चिल्लाती हुई मदद की गुहार लगा रही थी। इसी बीच उसने एक स्थानीय दुकानदार से फोन मांगकर अपनी मां को आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही बदहवास मां मौके पर पहुंची। तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी।
इस संवेदनशील मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बारीकी से साक्ष्य जुटा रही है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share