23 अगस्त (रविवार) को 116वां श्री मुल्तान जोत महोत्सव धूमधाम और भव्यता के साथ होगा आयोजित: पूर्व विधायक डॉ. नागपाल

0

Soulofindia, suryakant belwal
हरिद्वार में 116वें श्री मुल्तान जोत महोत्सव की तैयारियां पूरी: दिन में होली और रात में दिखेगा दिवाली जैसा भव्य नज़ारा

​हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में 23 अगस्त (रविवार) को 116वां श्री मुल्तान जोत महोत्सव अत्यंत धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
​श्री मुल्तान जोत सभा के चेयरमैन रतनदेव चावला एवं अखिल भारतीय मुल्तान युवा संगठन के अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ. महेन्द्र नागपाल ने आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस भव्य आयोजन के दौरान दिन के समय श्रद्धालु पिचकारियों में दूध भरकर एक-दूसरे पर डालेंगे और होली खेलेंगे, वहीं रात्रि में भव्य आतिशबाजी, प्रकाश व्यवस्था और शोभा यात्रा के साथ दिवाली जैसा माहौल रहेगा। शोभा यात्रा के पूरे मार्ग पर बड़े-बड़े तोरण द्वार लगाए गए हैं। नई बिजली तकनीक से विशेष जोत बनाई गई है और मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा से यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
​ भक्तजन गंगा जी का दुग्ध अभिषेक कर विशेष ज्योति और छोटी-छोटी पवित्र जोत गंगा मैया में प्रवाहित करेंगे। स्थान-स्थान पर हवन, सुंदरकांड का पाठ और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।

इस वर्ष महोत्सव में प्रो. जगदीश मुखी (पूर्व राज्यपाल, असम), भाजपा महामंत्री व राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, वीरेंद्र सचदेवा (पूर्व अध्यक्ष, भाजपा दिल्ली प्रदेश), सांसद बांसुरी स्वराज, उत्तराखंड सरकार के मंत्री मदन कौशिक, संजय तलवार (बाबा) तथा टीवी कलाकार अमर वाल्मीकि (‘पुष्पा’ फेम) और शेख रईस करीम (‘धुरंधर’ फेम) सहित कई गणमान्य व्यक्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
​यात्रा के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश ड़ालते हुए डॉ. नागपाल के बताया इस पर्व की शुरुआत वर्ष 1911 में भक्त रूप चन्द द्वारा की गई थी। वे समाज में भाईचारे और शांति की कामना लेकर मुल्तान (अब पाकिस्तान) से पैदल चलकर हरिद्वार आए थे और गंगा मैया को ज्योति अर्पित की थी। तब से यह परंपरा प्रतिवर्ष बड़े पैमाने पर मनाई जा रही है, जिसमें भारत के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ पाकिस्तान से भी तीर्थयात्री हिस्सा लेने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share