टीईटी की अनिवार्यता और पुरानी पेंशन को लेकर 24 अक्टूबर को शिक्षक लेंगे सामुहिक अवकाश,स्कूलों पर लटकेंगे ताले

0

टीईटी की अनिवार्यता और पुरानी पेंशन को लेकर 24 अक्टूबर को शिक्षक लेंगे सामुहिक अवकाश,स्कूलों पर लटकेंगे ताले
देहरादून। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने 24 अक्टूबर को सामूहिक अवकाश लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करने का एलान किया है। संघ के अनुसार, इस दिन प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तालाबंदी रहेगी।
शिक्षक भवन, रेसकोर्स में हुई संघ की आपात बैठक में प्रांतीय तदर्थ समिति और सभी जिलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार के निर्धारित मानकों को पूरा कर वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता थोपना उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।शिक्षकों ने चेतावनी दी कि दोनों मांगों पर निर्णय होने तक संघर्ष जारी रहेगा। संघ ने आंदोलन की रणनीति के तहत 24 अक्टूबर को परेड मैदान से मुख्यमंत्री आवास कूच करने का निर्णय लिया है। सभी जिलों को इस कार्यक्रम में शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।संगठन ने शिक्षकों से अपने आश्रितों और स्वजन के साथ आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की। पदाधिकारियों का कहना है कि टीईटी की बाध्यता के कारण यदि दो साल बाद सेवा समाप्त होती है तो शिक्षकों और उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।बैठक में सरकारी विद्यालयों में गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के बढ़ते हस्तक्षेप और शिक्षकों को नए मोबाइल एप इस्तेमाल करने के लिए बाध्य किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई। संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एप का इस्तेमाल नहीं करने पर वेतन रोकने की धमकी दी जाती है।उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ संगठन आंदोलन करेगा। जरूरत पड़ने पर शिक्षक एंड्रायड फोन का बहिष्कार भी करेंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत, मनोज तिवारी, दिगंबर सिंह नेगी, जितेंद्र वाल्दिया, वीरेंद्र सिंह कठैत, उत्तम सिंह फर्त्याल, विनोद रतूड़ी, दीपक रावत, अश्वनी कुमार, किशोर जोशी, विक्रम सिंह झिंकवान, जिला मंत्री दिनेश चंद्र भट्ट, जनक सिंह बिष्ट, विजेंद्र सिंह पवार, मुकेश नेगी, जगदीश भंडारी, कमल जोशी, चंद्र प्रकाश चंदोला, रघुवीर सिंह बुटोला, यदुवीर सिंह बिष्ट, सतीश रमोला, रणवीर सिंह नेगी, विनोद बिष्ट, महिपाल सिंह, भूपेश पुरोहित, अजय नेगी और रूपक पुरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share