हर की पैड़ी हरिद्वार से अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा का वितरण हुआ
हरिद्वार. “हर घर में हो अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा” अभियान निरंतर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुँच रहा है। इसी क्रम में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी, गंगा तट पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा की पुस्तकें वितरित की गईं।
गंगा तट पर गूंजती हनुमान चालीसा की चौपाइयों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने एक स्वर में पाठ कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इस अवसर पर उपस्थित भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने श्रद्धा भाव से कार्यक्रम में भाग लिया।
इससे पूर्व श्री गंगा सभा समिति के पदाधिकारियों ने संत अमरनाथ महाराज का दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। समिति के सदस्यों ने “हर घर में हो अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा” अभियान की सराहना करते हुए इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ की गई। गंगा मैया के पावन तट पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ने का कार्य किया। उपस्थित लोगों को हनुमान चालीसा के पाठ के साथ उसके अर्थ को समझने का भी संदेश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग चालीसा के भाव को अपने जीवन में उतार सकें।
अभियान के माध्यम से देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को अर्थ सहित हनुमान चालीसा उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे नई पीढ़ी और भक्तजन केवल पाठ ही नहीं बल्कि चौपाइयों के गूढ़ अर्थ को भी समझ सकें। इस पहल को श्रद्धालुओं का निरंतर समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।
इस दौरान महेश बम्ब, नितिन गौतम, तमन्य वशिष्ठ, कृष्ण कुमार शर्मा सिद्धार्थ शर्मा आदि उपस्थित रहे।
