गौरीकुंड प्रीपेड काउंटर के पास मलबे की चपेट में आई दुकान

0

रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के बीच गौरीकुंड में प्रीपेड काउंटर के पास अचानक पहाड़ी से मलबा आने के कारण एक दुकान उसकी चपेट में आ गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने व अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की अपील की है।
उत्तराखण्ड मानसून आने के बाद लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग अवरुद्ध हो गया। सुबह 9.44 बजे सेक्टर अधिकारी सोनप्रयाग ने घटना की सूचना देते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मार्ग पर पैदल और अन्य आवाजाही को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से रोक दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया किमार्ग को शीघ्र सुचारु करने के लिए संबंधित विभाग की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर युद्धस्तर पर मलबा और बड़े पत्थरों को हटाने में जुटी हैं। लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण कार्य पूरी सावधानी के साथ किया जा रहा है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी। तब तक श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मार्ग खुलने की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही आगे बढ़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share