जिला कारागार हरिद्वार और सम्प्रेक्षण गृह रोशनाबाद में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन
Thesoulof india, Haridwar
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में आज जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला कारागार, रोशनाबाद में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर और चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जहां कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर ने बंदियों को संबोधित करते हुए विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व और उनके कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डाला व स्वयं अत्यंत संवेदनशीलता के साथ बंदियों की समस्याओं को सुनकर उनको उचित विधिक सलाह दी गई।

जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त जी के निर्देश में आयोजित उक्त कार्यक्रम में रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा ने भी कानूनी सहायता और बंदियों के अधिकारों के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, तथा जेल प्रशासन के विशेष सहयोग से बंदियों द्वारा बनाई चित्रकला के विजेताओं और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सचिव,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
इसी क्रम में आज ही राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, रोशनाबाद, हरिद्वार में भी विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा ने वहाँ मौजूद बच्चों को जनसंख्या दिवस के महत्व, सामाजिक-आर्थिक प्रभावों, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। सम्प्रेक्षण गृह में बच्चों के कौशल विकास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता भीआयोजित कराई गई, जहाँ अधिवक्ता शर्मा ने बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प व सामान का बारीकी से अवलोकन कर उसकी सराहना की और साथ ही सम्प्रेक्षण गृह की भोजन सामग्री की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया। इन दोनों ही आयोजनों को सफल बनाने में जेल प्रशासन , डिप्टी जेलर श्री प्रमोद दानू व संप्रेक्षण गृह अधिकारी व कर्मचारियों के द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया, इस अवसर पर लॉ इंटर्न्स के द्वारा अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों और बंदियों से आत्मीय संवाद किया।
