पर्यटन सीजन एवं वीकेंड पर लगने वाले जाम से मिलेगी शीघ्र राहत, अमृतपुर बायपास निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

0

*बायपास निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश।*

*बायपास निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर दिया जोर।*

*मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया*

*बाबा नीम करौली (नीब करौरी) धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों को शीघ्र मिलेगी सीज़नल जाम से निजात*

हल्द्वानी.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को निर्माणाधीन अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन सीजन एवं वीकेंड के दौरान लगने वाले जाम से आमजन एवं पर्यटकों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बायपास निर्माण के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और इसे निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन एवं वीकेंड के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। बायपास का निर्माण पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा लोगों को जाम से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य के दौरान रोड कटिंग से संबंधित सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के साथ ही उसकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है।
पर्यटकों का बढ़ना हमारे लिए अच्छी बात है। पर्यटक हमारे राज्य में आ रहे हैं, यह हर्ष का विषय है लेकिन इसके साथ ही यह यातायात के लिए चुनौतीपूर्ण भी है। इसी को देखते हुए सरकार सड़क व्यवस्था को बेहतर कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अमृतपुर बायपास का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने बायपास निर्माण कार्य से संबंधित प्रगति की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं द्वारा अवगत कराया गया कि ज्ञप्रथम चरण हेतु 175.4 लाख और द्वितीय चरण के लिए 469.59 की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। निर्माण कार्य की वर्तमान में भौतिक प्रगति 15% और 14 प्रतिशत धनराशि खर्च हो चुकी है। काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास निर्माण कार्य के अंतर्गत 2 किलोमीटर तक सिंगल लेन पहाड़ के कटान का कार्य पूर्ण हो गया है। काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास प्रभाग हेतु 75 मीटर स्पान स्टील पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस कार्य के लिए 1177.93 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई है। कार्य की अद्यतन स्थिति में भौतिक प्रगति 10% और वित्तीय प्रगति 7% पूर्ण कर ली गई है। इसके साथ ही निर्माण कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share