सोमवती अमावस्या पर हर की पैड़ी में गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं भीड़ की उमड़ी
हरिद्वार। सोमवार को सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर हरकी पैड़ी में गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस बार के यात्रा सीजन के दौरान पहली रिकॉर्ड तोड़ भीड़ हरिद्वार में दिखाई दी। हरकी पैड़ी के अलावा अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए पहुंचे।
सोमवती अमावस्या पर हर की पैड़ी का दृश्य देखते ही बन रहा था। चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दे रही थी और गंगा के जयकारे के उद्घोष सुनाई दिए। सोमवार को पुरुषोत्तम मास का अंतिम दिन है और संक्रांति भी है। सबसे खास सोमवार के दिन सोमवती अमावस्या का होना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इस दिन गंगा स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सोमवती अमावस्या के साथ ही पुरुषोत्तम मास का समापन हो जाएगा और अब शुद्ध ज्येष्ठ मास का पदार्पण होगा। यही कारण है कि हरिद्वार में हर की पैड़ी के चारों ओर सभी घाटों में श्रद्धालु ही श्रद्धालु दिखाई दिए। सोमवती अमावस्या के स्नान पर हरिद्वार में अन्य स्नान पर्वों की तुलना में भारी भीड़ दिखाई दी। हाईवे पर भीड़ का दबाव इतना है कि पांच किलोमीटर तक लंबी लाइन लगी है और वाहन रेंगते हुए नजर आए। इसलिए कई श्रद्धालु हरकी पैड़ी से पांच किलोमीटर दूर ही वाहन खड़े करके हरकी पैड़ी पैदल पहुंचे।
हरिद्वार में सोमवती अमावस्या का स्नान और जून के वीकेंड के चलते दो दिनों से भारी भीड़ उमड़ी। जिले के डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर खुद व्यवस्थाओं का जायजा लेने हरकी पैड़ी पहुंचे। लेकिन भीड़ का दबाव इतना रहा कि हाईवे पर दो दिनों से जाम की स्थिति बनी हुई थी। सोमवती अमावस्या पर तो सुबह से ही वाहन रेंगकर चलते हुए नजर आए। यही कारण है कि जिसको जहां भी सुविधा मिली, वहीं वाहन रोककर नजदीकी घाट पर गंगा स्नान कर लिया।
