अंतर-महाविद्या तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीबीएम कॉलेज की छात्रा ब्यूटी द्वितीय एवं मानसी तृतीय स्थान पर
गया जी। गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय, गया जी की छात्रा ब्यूटी कुमारी एवं मानसी वर्मा ने मगध विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रशंसनीय प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रौशन किया। जहाँ ब्यूटी कुमारी ने तीरंदाजी विधा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं मानसी वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही, ए.एम. कॉलेज, गया की छात्रा जिज्ञासा ने प्रथम स्थान हासिल किया।

ब्यूटी एवं मानसी को उनके कुशल प्रदर्शन के लिए जीबीएम कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल एवं समस्त कॉलेज परिवार ने हार्दिक खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दीं। ज्ञातव्य है कि दिनांक 28 एवं 29 सितंबर 2026 को बिहार सरकार द्वारा फोर्थ राजा कर्ण ओपेन आर्चरी चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था, जिसमें कॉलेज की इन्हीं दो छात्राओं ने भाग लिया था और ब्यूटी कुमारी को सिल्वर मेडेल प्राप्त हुआ था। इस प्रतियोगिता में 350 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। प्रधानाचार्या डॉ पटेल ने दोनों छात्राओं को अगली बार और भी बेहतर करने के लिए मेहनत करने कहा। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से अभ्यास करने कहा।
कॉलेज की पीआरओ डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया प्रतियोगिता का आयोजन एस.एम.एस.जी. कॉलेज, शेरघाटी में हुआ था। छात्राएं कॉलेज की खेलकूद प्रभारी डॉ पूजा रॉय एवं शिक्षकेतर कर्मी रौशन कुमार के संरक्षण में शेरघाटी गयी थीं। एस. एम. एस. जी. कॉलेज शेरघाटी के प्रधानाचार्य डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा ने छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं कप प्रदान करके उत्साह बढ़ाया। आगामी 08 अक्टूबर को कॉलेज की छात्राएँ “अंतर महाविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता” में भाग लेने किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज, औरंगाबाद जाएँगी। कॉलेज कैंपस में सभी छात्राएं खो-खो की तैयारी में जुटी हैं।
