शोक सभा आयोजित करके जीबीएम कॉलेज की पूर्व अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं बर्सर डॉ मीरा वर्मा को कॉलेज परिवार ने दी मौन श्रद्धांजलि
गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की पूर्व बर्सर एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ मीरा वर्मा अब नहीं रहीं। उनके निधन की सूचना जीबीएम कॉलेज की पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ आशा सिन्हा एवं उनके पुत्र अमित प्रकाश ने कॉलेज की जनसंपर्क अधिकारी डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी को दी। डॉ वर्मा के निधन की सूचना मिलते ही कॉलेज परिवार में शोक की लहर फैल गयी और सभी परस्पर डॉ वर्मा से जुड़ी कॉलेज की पुरानी यादों को साझा करने लगे। प्रभारी प्रधानाचार्य एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो सहदेब बाउरी, प्रो. अफ्शां सुरैया, डॉ शगुफ्ता अंसारी एवं कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मियों ने आयोजित शोकसभा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा के प्रति दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कॉलेज के पुराने शिक्षकेतर कर्मियों में डॉ रूही खातून, अजय कुमार, राजेश कुमार, विक्रम कुमार, सुनील कुमार आदि ने विशेष रूप से शोक जताया। सभी ने परमपिता परमेश्वर से डॉ वर्मा की आत्मा की शांति एवं मुक्ति की प्रार्थना की। डॉ रश्मि ने बताया कि वर्ष 2000 से 2004 तक जब वे स्वयं कॉलेज में स्नातक अंग्रेजी प्रतिष्ठा की छात्रा हुआ करती थीं, तो डॉ मीरा वर्मा बतौर प्राध्यापिका कॉलेज में कार्यरत थीं। वर्तमान में कॉलेज की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत डॉ रश्मि ने कॉलेज के गौरवशाली अतीत एवं उज्ज्वल वर्तमान के पीछे डॉ वर्मा सहित पूर्व के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्राध्यापक-प्राध्यापिकाओं के योगदानों को भी याद किया।
