जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हित धारकों की बैठक हुई आयोजित
हरिद्वार. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ (स्कूल बस प्रोजेक्ट) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हितधारकों की बैठक आयोजित; खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि पर भी हुई चर्चा
माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (नैनीताल) के तत्वावधान में तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (हरिद्वार) श्री नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार, आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव , श्रीमती सिमरन जीत कौर जी की अध्यक्षता मे जिले के प्रमुख हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान हरिद्वार जिले में ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ (सिंगल स्कूल बस प्रोजेक्ट) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इसके अंतर्गत सड़क किनारे, ट्रैफिक सिग्नलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर जीवन-यापन करने वाले 6 से 14 वर्ष तक के उन बच्चों का संयुक्त सर्वेक्षण कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का निर्णय लिया गया जो स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। इस अभियान के तहत नगर निगम एवं स्थानीय निकायों के सहयोग से अनुपयोगी बसों का जीर्णोद्धार कर उन्हें अत्याधुनिक ‘मोबाइल क्लासरूम’ में बदला जाएगा। इन मोबाइल क्लासरूम्स में ब्लैकबोर्ड, स्मार्ट स्क्रीन और वाई-फाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ दो योग्य शिक्षकों की तैनाती भी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, इसी क्रम में खाद्य सामग्री तथा एक्सपायरी डेट (Food & Expiry Items) से जुड़ी व्यवस्थाओं और नियमों के संबंध में भी एक बैठक आयोजित की गई, ताकि आम जनमानस के स्वास्थ्य और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
