घास लेने गयी वृद्धा की गुलदार के हमले से मौत

0

पौड़ी। गुरूवार सुबह जिले के पौड़ी ब्लॉक अंतर्गत बमठी गांव में जंगल में घास लेने गयी एक वृद्धा पर घात लगाए गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। जिसके बाद पूरे गांव में दहशत का माहोल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह सीता देवी (उम्र करीब 65 वर्ष) घर के पास ही जंगल किनारे घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
आसपास मौजूद लोगों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
इस मामले में वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभागीय टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे काबू में किया जा सके। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने साफ तौर पर प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी है कि जब तक आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक वे महिला के शव को मौके से उठाने नहीं देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है और लगातार हो रही घटनाओं से उनका जीवन संकट में पड़ गया है। फिलहाल इस मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और वन विभाग की टीमें ग्रामीणों को समझाने में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share