बोल्डर की चपेट में आने से बाइक सवार एक की मौत, दूसरा गंभीर

0

पिथौरागढ़। मंगलवार सुबह सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी-जोहार मोटर मार्ग पर बाइक सवार दो लोगों के ऊपर अचानक से पत्थर और बड़े बोल्डर गिरे। पत्थर और बड़े बोल्डर की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल पास के हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुनस्यारी के साईंपोलो गांव निवासी भुवन कुमार (26 वर्ष) पुत्र नरी राम और प्रदीप कुमार पुत्र चंद्र राम मजदूरी करते है। मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने काम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुगडियार के पास ऊपरी पहाड़ी से दरककर पत्थर और भारी बोल्डर सड़क पर आ गिरे। दोनों युवक संभल पाते, इससे पहले ही वे इसकी चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में भुवन कुमार और प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. गौरव कुमार ने भुवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल प्रदीप कुमार के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मुनस्यारी डॉ. ललित मोहन तिवारी, उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली और पुलिस टीम मौके पर व अस्पताल पहुंची। पुलिस की ओर से शव का पंचनामा भरने सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पहाड़ी मार्गों पर अचानक हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं ने एक बार फिर स्थानीय लोगों व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share