जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने बड़े उल्लास के साथ मनाया संविधान दिवस
हरिद्वार. आज संविधान दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त की अध्यक्षता में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा दिलाई गई।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान बिना किसी भेदभाव के सभी धर्म, जाति, लिंग को समान अवसर व समान विधिक अधिकार प्रदान करता है और हम सब का यह दायित्व है कि संविधान के अनुरूप ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। इस कार्यक्रम में हरिद्वार के माननीय परिवार न्यायाधीश महोदय, सभी माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार, सभी माननीय सिविल जज (सीनियर डिविजन), अन्य न्यायिक अधिकारीगण तथा जिला जज के सभी स्टाफ व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इसी के साथ बाह्य न्यायालय रुड़की एवं लक्सर में भी सभी न्यायिक अधिकारीगण द्वारा भी संविधान दिवस मनाया गया।
इसी क्रम में मदरहुड यूनिवर्सिटी रुड़की हरिद्वार में संविधान दिवस के अवसर पर यूनिवर्सिटी के विधि विभाग व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस मनाया गया, जिसमें मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त रहे।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की विशेषताओं के बारे में बताया कि इसमें सभी नागरिकों को मौलिक अधिकार व मूल कर्तव्य प्रदान किए गए हैं और हम सब का यह दायित्व है कि मूल अधिकारों के साथ मूल कर्तव्यों का भी पालन करें। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. नरेंद्र शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार श्रीमती ज्योति बाला जी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से जिला कारागार रोशनाबाद में भी रिटेनर अधिवक्ता द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में व विधिक जानकारी प्रदान की गई।
वहीं दूसरी ओर मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार के सभागार भवन में जिला प्रशासन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला की अध्यक्षता में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने युवाओं को नशे से दूर रहने व नशे से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में अपने विचार व्यक्त किए तथा नालसा की डॉन स्कीम 2025 के बारे में भी जानकारी दी गई। इसी के साथ जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैनल अधिवक्ता व जिले के अन्य विभागों से भी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस गोष्ठी में उत्तराखंड राज्य द्वारा बनाए गए नए अधिनियमों पर चर्चा की गई।
