वासुदेव स्कूल ने जीती इंटर स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप, शैफील्ड रहा उपविजेता

रुड़की। शैफील्ड स्कूल रुड़की में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल कबड्डी चैंपियनशिप का गुरुवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह में 10 उत्तराखंड (यूके) बटालियन एनसीसी, रुड़की के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. चक्रवर्ती मुख्य अतिथि रहे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए वासुदेव स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि शैफील्ड स्कूल द्वितीय और हेरिटेज स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। समापन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड तथा शिक्षक संजय वत्स विशिष्ट अतिथि रहे।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में वासुदेव स्कूल, मां सरस्वती स्कूल, हेरिटेज स्कूल और शैफील्ड स्कूल की टीमों ने स्थान बनाया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल कौशल, अनुशासन, दमखम और टीम भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में वासुदेव स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि कर्नल एस. चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करता है। कबड्डी जैसे खेल में शारीरिक क्षमता के साथ त्वरित निर्णय और टीम के प्रत्येक सदस्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे उच्च स्तर तक ले जाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड ने कहा कि खेल मैदान में जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर अभ्यास है। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज विद्यालयों के खेल मैदानों से निकलकर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि संजय वत्स ने कहा कि कबड्डी केवल खेल नहीं बल्कि साहस, रणनीति, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की जीवंत पाठशाला है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का मैदान पर गिरकर फिर उठना जीवन की चुनौतियों से संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शैफील्ड स्कूल प्रबंधन और आयोजन समिति को बधाई दी।
स्कूल के निदेशक डीके शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शैफील्ड स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेलों के लिए बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
स्कूल के चेयरमैन राहुल विश्नोई ने कहा कि खेल विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे से सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
समापन समारोह में विजेता वासुदेव स्कूल, उपविजेता शैफील्ड स्कूल और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली हेरिटेज स्कूल की टीमों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विदेश से पधारीं निया मैडम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पीटीआई अभिषेक चौधरी, उदित चौधरी, उत्तम रोड, शुभम कुमार, शिवानी मैम, कादिर सर, प्राची मैम, पलक मैम एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के सफल समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, निर्णायकों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
