बच्ची से दुष्कर्म की वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप, पुलिस कर रही मामले की जांच

0

हरिद्वार। जिले के पिरान कलियर में रैन बसेरे के पास परिवार के साथ रह रही एक मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गयी है। इस मामले में पुलिस छानबीन करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि बच्ची का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है। परिवार पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक में हाजरी के लिए आया हुआ था।
घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की रात बच्ची लापता हो गई थी। परिवार ने बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन, उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार के लोग बच्ची को आसपास इलाके में तलाशते रहे। बुधवार की सुबह बच्ची बदहवास हालत में मिली। परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई। जिसके बाद पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी के साथ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की कई टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आसपास मौजूद कई लोगों से पूछताछ भी की है। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों और वहां आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share