धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

0


हरिद्वार। धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल (DSMPS) सीतापुर के प्रधानाचार्या साधना भाटिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, मानवीय मूल्यों, संस्कृति, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न भारतीय पर्व एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।


गौरतलब है कि डीएसएम पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन का पावन पर्व उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस मौके पर निदेशक मुकुल चौहान ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सम्मान, सुरक्षा, सहयोग और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। वहीं छात्रों के द्वारा प्रस्तुत प्रेरक वक्तव्य में रानी कर्णावती एवं सम्राट हुमायूं तथा भगवान श्रीकृष्ण एवं द्रौपदी से जुड़ी पौराणिक एवं ऐतिहासिक कथाओं का उल्लेख करते हुए राखी के पवित्र बंधन की महत्ता समझाई गई।
समारोह को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए नन्हे विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुति भी दी गई। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया और सभी का मन मोह लिया।
प्री-प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी रक्षाबंधन को विशेष अंदाज में मनाया। छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई पर प्रेमपूर्वक राखी बांधी, वहीं छात्रों ने भी अपनी सहपाठी छात्राओं के साथ वेफर्स साझा कर प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में छोटी उम्र से ही प्रेम, सहयोग, साझेदारी, समानता, आपसी सम्मान और मित्रता जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों का विकास करने का प्रयास किया गया।
रक्षाबंधन समारोह के दौरान बच्चों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह ने पूरे वातावरण को भावनात्मक एवं आनंदमय बना दिया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं देशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share