स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान आश्रय गृह से 8 साल की बच्ची हुई लापता

0

हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित आश्रय गृह से आठ वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। बच्ची 15 अगस्त को आश्रय गृह में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मौका पाकर बाहर निकल गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर आश्रय गृह की अधीक्षिका ने कोतवाली ज्वालापुर में बालिका की गुमशुदगी दर्ज कराने और उसकी तलाश के लिए पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं बच्ची के अचानक लापता हो जाने के बाद आश्रय गृह में हड़कंप मचा हुआ है।
आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि, बालिका करीब आठ वर्ष की हरियाणा निवासी है. जिसे बाल कल्याण समिति हरिद्वार के आदेश पर 13 अगस्त को ज्वालापुर स्थित आश्रय गृह में लाया गया था। 15 अगस्त की सुबह आश्रय गृह में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बच्चे अपनी प्रस्तुतियां दे रहे थे। इसी दौरान बालिका मौका पाकर आश्रय गृह से बाहर निकल गई। बालिका के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद आश्रय गृह के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की।
आश्रय गृह के आसपास के क्षेत्रों के अलावा ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, हरिद्वार रेलवे स्टेशन, हरिद्वार बस स्टैंड और हरकी पैड़ी समेत अन्य संभावित स्थानों पर बालिका को तलाश किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बावजूद बालिका के नहीं मिलने पर आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी गोयल ने 15 अगस्त को ही ज्वालापुर कोतवाली में लिखित शिकायती पत्र दिया। पत्र में बालिका की गुमशुदगी दर्ज करने के साथ ही उसे जल्द तलाश करने के लिए पुलिस से अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि, इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share