रुद्रप्रयाग में खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज, सितंबर भर होंगी विभिन्न स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं

0

रुद्रप्रयाग. जनपद में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष भी खेल महाकुंभ-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों एवं खेल महाकुंभ से संबंधित समितियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रतियोगिताओं के सफल संचालन, विभागीय समन्वय, खेल मैदानों की उपलब्धता, खिलाड़ियों के पंजीकरण, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से अपनी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि प्रतियोगिताओं का आयोजन सुचारु एवं सफलतापूर्वक कराया जा सके।

इस वर्ष स्थानीय जनप्रतिनिधि खेल प्रतियोगिता का आयोजन न्याय पंचायत स्तर पर 1 सितंबर से 10 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 11 सितंबर से 20 सितंबर तक तथा सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 21 सितंबर से 30 सितंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों एवं खेल विधाओं के खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि खेल महाकुंभ प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला शिक्षा अधिकारी अजय सिंह चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर, खंड विकास अधिकारी सुरेश साह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share