नगर निगम का अतिक्रमण अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा, 100 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाया किया गया
हरिद्वार.
आज दिनांक 9 अप्रैल 2026 को नगर निगम हरिद्वार द्वारा पंतद्वीप घाट क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण अभियान चलाते हुए पंतद्वीप घाट को अतिक्रमण मुक्त किया गया। यह समस्त कार्यवाही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशों के क्रम में संपादित की गई।
अभियान के दौरान सर्वप्रथम नगर निगम द्वारा प्रातः 9:00 बजे ही मुनादी करवा दी गई थी कि जिनके द्वारा भी अवैध अतिक्रमण किया गया है, वे सभी 11:00 बजे तक अपना अतिक्रमण हटा लें। इसके उपरांत नगर निगम द्वारा 11:00 बजे उक्त क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को विद्युत विभाग के सहयोग से कटवा दिया गया तथा पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन की सहायता से वहां पर 100 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाया/नष्ट किया गया।
अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान विभिन्न दुकानदारों द्वारा विरोध करने का प्रयास किया गया, किंतु नगर निगम द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से सभी अतिक्रमणों को सफलतापूर्वक हटाया गया।
नगर निगम द्वारा पुनः 10 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे से उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए जाने की कार्यवाही जारी रखने के संबंध में भी अवगत कराया गया।
अतिक्रमण अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक श्री धीरेंद्र सेमवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, अतिक्रमण सहायक श्री आदित्य तेश्वर, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा नगर निगम टीम के कर्मचारी उपस्थित रहे।
