*छठ पूजा के अवसर पर सूर्योपासना के साथ सामूहिक यज्ञ का हुआ आयोजन*

0

*-छठ पर्व शुद्धता, अनुशासन, स्वच्छता, एवं प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का शुभ अवसर*

गया जी। आर्यसमाज मंदिर मानपुर के प्रागंण में छठ पूजा के अवसर पर सूर्योपासना के साथ सामूहिक यज्ञ तथा हवन का आयोजन हुआ। आर्यसमाज परिसर ॐ सूर्यो ज्योतिर्ज्योतिः सूर्यः स्वाहा। ॐ सूर्यो वर्चो ज्योतिर्वर्चः स्वाहा। ॐ ज्योतिः सूर्यः सूर्यो ज्योतिः स्वाहा” जैसे प्रातःकालीन हवन व अग्निहोत्र वैदिक मंत्रों से गूंज उठा।आर्यसमाज के मंत्री जयप्रकाश आर्य के पौरोहित्य में यजमान के रूप में कार्यकारिणी की वरिष्ठ सदस्या दुर्गेश नंदिनी ने सामूहिक यज्ञ का नेतृत्व किया। सुदामा पंडित, विद्योत्तमा, राजकिशोर आर्य, अशोक कुमार वर्मा, उपेन्द्र आर्य, गणेश लोहानी सहित अन्य आर्य बंधुओं ने भजनोपासना तथा वैचारिक मंथन सत्र में भाग लिया।आर्यसमाजियों ने गायत्री मंत्र “ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्” तथा ईश्वर स्तुति मंत्र “ॐ विश्वानि देव सवितर्दुरितानि परासुव, यद् भद्रं तन्न आ सुव” का सामूहिक पाठ किया।

दुर्गेश नंदिनी ने आर्य सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आर्यसमाज वेदों में वर्णित सूर्य, सविता, प्रकृति एवं प्राकृतिक शक्तियों की स्तुति और उपासना को पूरी तरह स्वीकार करता है। छठ पूजा में किसी मूर्ति या तस्वीर की पूजा नहीं होती, अपितु प्रत्यक्ष रूप से सूर्यदेव और प्रकृति के विभिन्न रूपों जैसे जल, वायु, संध्या, एवं उषा की आराधना की जाती है। आर्यसमाज की दैनिक संध्या, यज्ञ और वेद मंत्रों में भी सूर्य देव की उपासना को प्रमुख स्थान दिया गया है। उन्होंने छठ पर्व को शुद्धता, अनुशासन, स्वच्छता एवं समस्तप्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बतलाया। वहीं आर्यसमाज मानपुर के पूर्व मंत्री सह अंकेक्षक प्यारचन्द कुमार मोहन ने बतलाया कि आर्यसमाज की स्थापना महर्षि दयानंद सरस्वती ने की थी, जिसका उद्देश्य “कृण्वन्तो विश्वमार्यम्” है। अर्थात् “पूरे विश्व को श्रेष्ठ बनाते चलो।” उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रकृति के प्रति आभारी होना चाहिए। साथ ही, स्वयं को अंधविश्वास से दूर रखना चाहिए, क्योंकि अंधविश्वास हमेशा हानिकारक एवं जीवनघाती होता है। छठ पर्व के सांस्कृतिक तथा वैज्ञानिक महत्व को समझने की आवश्यकता है। जय प्रकाश आर्य एवं सुदामा पंडित ने सभी को प्रकृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share