अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच को लेकर पूछताछ के लिए अभिनेत्री उर्मिला के घर पहुँची सीबीआई
देहरादून। चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जांच तेज हो गई है। रविवार को मामले में पूछताछ के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो की चार सदस्यीय टीम सहारनपुर पहुंची है।
मिली जानकारी के अनुसार टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल हैं। टीम अभिनेत्री उर्मिला से पूछताछ करने पहुंची है। इससे पहले शनिवार को भी सीबीआई टीम उर्मिला के घर पहुंची थी, लेकिन वे नहीं मिलीं थीं। जिसके बाद टीम बिना पूछताछ किए लौट गई थी। इस घटनाक्रम के बाद अंकिता भंडारी प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है। बताया जा रहा है कि अंकिता भंडारी मामले में अभिनेत्री उर्मिला ने पहले उत्तराखंड के कई चर्चित नामों का उल्लेख किया था। इन्हीं दावों और मामले से जुड़े तथ्यों के संबंध में सीबीआई की पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड का संवेदनशील और चर्चित मामला रहा है। इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को सामने लाने की मांग लगातार उठती रही है। ऐसे में सहारनपुर पहुंची सीबीआई टीम की कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।
फिलहाल, किन बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी और जांच में क्या तथ्य सामने आएंगे, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। सीबीआई की ओर से पूछताछ के निष्कर्ष या किसी नए खुलासे की औपचारिक पुष्टि होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों से मामले की आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है।
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि जनपद में सीबीआई की टीम आने की जानकारी हुई है। सीबीआई अभिनेत्री उर्मिला से पूछताछ करने उसके घर पहुंची है। विस्तृत जानकारी मिलने पर बाद में बता पाएंगे।
