प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और स्वाभिमानी भारत का सपना हो रहा साकार- कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज

0

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर जनपद के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रेस क्लब में संवाद करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और स्वाभिमानी भारत का सपना साकार हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड भी विकास और नवोदय के संकल्प को पूरा कर रही है।
केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक पक्के घरों का निर्माण किया गया। 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा तथा मुद्रा योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि आज देश के 16 करोड़ से अधिक घरों तक हर घर नल से जल योजना के माध्यम से पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल लेन-देन, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का 56 प्रतिशत भारत में हो रहा है, जो देश की बढ़ती तकनीकी क्षमता का प्रमाण है। सतपाल महाराज ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और उत्तराखंड का तेजी से विकास हो रहा है। सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में भी विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा हरिद्वार को आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में शामिल किया गया है। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न घाटों, सड़कों, पुलों एवं संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसके अलावा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा खेल एवं आधारभूत संरचना विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रैसवाता में बीजेपी जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, दायित्वधारी राज्य मंत्री डा.जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, मनोज गौतम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share