SIR-2026 : पात्र मतदाताओं का नाम नहीं हटेगा
हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला कार्यालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों तथा ‘नो मैपिंग’ (Unmapped) श्रेणी के मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीएलओ एवं एईआरओ स्तर पर की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अनमैप्ड मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के आधार पर पूरी की जाएगी। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाना है।
अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट आश्वासन दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से SIR अभियान के सफल संचालन में सहयोग की अपील की।
बैठक में विधायक भगवानपुर ममता राकेश, विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद, विधायक ज्वालापुर ई. रवि बहादुर, विधायक लक्सर शहजाद, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, विधायक मंगलौर काजी निजामुद्दीन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
