कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा और समर्पण का भी पर्व : महंत विष्णु दास महाराज
उछाली आश्रम में कांवड़ सेवा शिविर जारी, शिवभक्तों की सेवा में जुटे सेवादार

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार आने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए श्री गुरु सेवक निवास उछाली आश्रम श्रवण नाथ नगर में कांवड़ सेवा शिविर मेला शुरू होने के साथ ही लगातार जारी है। शिविर में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंच रहे कांवड़ियों के लिए भोजन, जलपान,चाय आदि सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आश्रम के सेवा
शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों को सेवा भाव के साथ भोजन कराया जा रहा है। शिवभक्त शिविर में सुबह दस बजे से भोजन और जलपान ग्रहण कर रहे हैं। शिविर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है।
उछाली आश्रम के महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा और समर्पण का भी पर्व है। शिवभक्तों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि आश्रम की ओर से कांवड़ियों के लिए शिविर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा नगरी हरिद्वार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी है कि वह धार्मिक वातावरण और गंगा की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करे।
शिविर में सेवा कार्य में जुटे युवाओं और श्रद्धालुओं में भी उत्साह दिखाई दे रहा है। सेवादार कांवड़ियों को भोजन कराने के साथ उनके विश्राम और अन्य आवश्यकताओं का ध्यान रख रहे हैं। सेवा शिविर के माध्यम से आश्रम की ओर से कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और सहयोग का संदेश दिया जा रहा है।सेवा कार्यों में महंत प्रेम दास. महंत सीताराम दास. महंत कन्हैया दास. राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष,सुरेश खेड़ा, रमेश खनिज,सहित कई स्वयंसेवक जुटे हुए हैं.
