विश्वविद्यालय के समीप हुई कहासुनी में कांवड़िए को मारी गोली

0

हरिद्वार। रविवार देर रात कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप एक कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई। ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर पैदल लौट रहा था। कांवड यात्री को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल लौट रहा था। देर रात होने पर उनका दल हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुक गया।इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। पुल पर मौजूद युवक शोर-शराबा कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांत रहने को कहा तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। इसी दौरान एक युवक ने अजय पर फायर झोंक दिया। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।
बताया गया है कि अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस सदस्य शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से जानकारी जुटाई और क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share