जीबीएम कॉलेज की छात्राओं ने “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान के तहत खेलकूद का अभ्यास किया प्रारंभ*
-महाविद्यालय परिसर में लगे ओपेन जिम का भी लाभ उठा रही हैं छात्राएँ

गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में मगध विश्वविद्यालय से प्राप्त स्पोर्ट्स कैलेंडर 2026-27 को ध्यान में रखते हुए प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल के निर्देशानुसार एवं खेलकूद प्रभारी डॉ पूजा राय के कुशल मार्गदर्शन में छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल विधाओं, जैसे, कबड्डी, खोखो, बैडमिंटन, दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, शूटिंग जैसे अॉउटडोर गेम्स एवं शतरंज जैसे इन्डोर गेम्स प्रतियोगिताओं में अच्छी प्रतिभागिता के लिए अभ्यास करना प्रारंभ कर दिया है। छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में प्रधानाचार्या डॉ पटेल एवं डॉ पूजा की देखरेख में कबड्डी खेलने के साथ कबड्डी के नियमों को जाना। प्रधानाचार्या ने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने कहा, संतुलित आहार लेने के साथ नियमित रूप से व्यायाम करने, तथा खेलकूद की गतिविधियों में भाग लेने कहा। महाविद्यालय की छात्राओं में खेलकूद को लेकर विशेष उत्साह एवं जोश देखने को मिल रहा है।
कॉलेज की पीआरओ डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि गत 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस से ही छात्राओं के लिए चलाए जा रहे “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान की शुरुआत हो चुकी है, जिसके तहत कॉलेज की छात्राएँ प्रतिदिन कम-से-कम एक घंटे तक खेल के मैदान में रहकर खेलेंगी एवं व्यायाम आदि का अभ्यास करेंगी। डॉ रश्मि ने बताया कि “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान के तहत छात्राएँ परिसर में लगाए गए ओपेन जिम का भी भरपूर लाभ उठा पा रही हैं। इस पहल का मूल उद्देश्य खेलों एवं व्यायाम में छात्राओं की रुचि को बढ़ाना है तथा उन्हें नियमित रूप से विभिन्न शारीरिक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे छात्राओं का मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य भी ठीक हो सकेगा। साथ ही उनमें टीम वर्क एवं टीम स्पिरिट की भावनाओं का भी विकास होगा।
