वन कर्मी की सड़क दुर्घटना में मौत, तीन गंभीर

0

तस्करों को पकड़नें के लिए साथियों को लेने जा रहे थे मृतक मनीष बिष्ट
नैनीताल। नेशनल हाईवे 309 पर पिरूमदारा के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में वनकर्मी मनीष बिष्ट (35 वर्ष) की मौत हो गई। घटना सुबह लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वन विभाग का बोलेरो वाहन और अर्टिगा कार आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बोलेरो वाहन चला रहे वनकर्मी मनीष बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई।
मनीष बिष्ट पुत्र नारायण सिंह बिष्ट, मूल रूप से रामनगर के चिलकिया क्षेत्र के रहने वाले थे। वो वन विभाग, तराई पश्चिमी वन प्रभाग में ड्राइवर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार तड़के उन्हें आमपोखरा रेंज में अवैध कटान और तस्करों की गतिविधि की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह रामनगर से हल्दुआ चौकी में अन्य वनकर्मियों को लेने के लिए बुलेरो वाहन लेकर निकले थे। इसी दौरान पिरूमदारा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने रॉन्ग साइड में आकर उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अर्टिगा कार में सवार तीन लोग सुशीला देवी (60 वर्ष), पत्नी राधे राम, निवासी पौड़ी गढ़वाल, आनंद बल्लभ जोशी, निवासी इंद्रपुरम, गाज़ियाबाद और धर्मेंद्र सिंह, पुत्र गोपाल सिंह, निवासी थलीसैण, पौड़ी गढ़वाल घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए सुशीला देवी और आनंद बल्लभ जोशी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं धर्मेंद्र सिंह को हल्की चोटें आई थीं। उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद स्वयं बाहर उपचार के लिए जाने का निर्णय लिया, हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी थी।
घटनास्थल पर पहुंचे रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने बताया कि तड़के तस्करों की हरकतों को देखते हुए मनीष अन्य वनकर्मियों को लेने के लिए जा रहे थे। तभी सामने से अर्टिगा कार तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ गई और टक्कर हो गई. मनीष विभाग के समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों में से एक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share