महायज्ञ में पूर्णाहुति देकर नारायण दत्त तिवारी के सपनों को साकार करने का दृढ निश्चय किया
हरिद्वार । भारत में विकास पुरुष के नाम से विख्यात यूपी में नोएडा तथा उत्तराखंड में सिडकुल की स्थापना कर करोड़ों लोगों को रोजगार के संसाधन सृजित कराने वाले पं. नारायण तिवारी की पुण्यतिथि आज भगत सिंह चौक स्थित श्री जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र में विश्वकल्याण महायज्ञ का आयोजन कर विकसित भारत का सपना साकार करने के संकल्प के रूप में मनाई गयी, जिसमें सभी पदाधिकारियों ने महायज्ञ में पूर्णाहुति देकर तिवारीजी के सपनों को साकार करने का दृढ निश्चय किया।
संपूर्ण भारतवर्ष में नेहरू युवा केद्रों के संस्थापक पंडित नारायण दत्त तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए संस्था के अध्यक्ष पं. पदम प्रकाश शर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्रांति के महानायक पं. नारायण तिवारी ने अपने 93 वर्ष के जीवन काल में हिमालय के तराई क्षेत्र से विकास की यात्रा का शुभारंभ कर उत्तर प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में ग्रेटर नोएडा और कानपुर में तथा उत्तराखंड की पहली निर्वाचित सरकार के मुखिया के रूप में औद्योगिक क्रांति का जो सूत्रपात किया उसे भारतमाता के सपूत कभी विस्मृत नहीं कर पाएंगे। उन्होंने हरिद्वार के यूथ हॉस्टल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि तिवारी जी का हरिद्वार के प्रति विशेष स्नेह था जिसे यह संस्था अक्षरश: पूर्ण करने का प्रयास कर रही है। इससे पूर्व यज्ञ के आचार्य पं. आनंद बल्लभ जोशी के निर्देशन में विश्व कल्याण महायज्ञ का आयोजन हुआ जिसमें आहुति देने वालों में प्रमुख क्षेत्र संस्था अध्यक्ष पं. पदम प्रकाश शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष -ओ.पी. चौहान, कोषाध्यक्ष -कुलदीप सिंह ,सचिव -सुखबीर सिंह, अरुण शर्मा, विभोर चौधरी ,कमलप्रीत कौर तथा सोनम बिश्नोई सहित सभी शिक्षक- प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने यज्ञ में पूर्णाहुति देकर अपने मार्गदर्शक का भावपूर्ण स्मरण किया।
